केतार बाजार में नाली निर्माण का रास्ता साफ, भूमि सीमांकन पूरा
केतार बाजार की जलनिकासी का रास्ता साफ, नाली निर्माण के लिए भूमि का हुआ सीमांकन
केतार (गढ़वा)। केतार मध्य विद्यालय से बेलास विश्वकर्मा के घर होते हुए पंडा नदी तक प्रस्तावित नाली निर्माण के लिए सोमवार को भूमि का सीमांकन किया गया। इससे लंबे समय से लंबित नाली निर्माण का रास्ता साफ हो गया है और अब टेंडर प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
बताया गया कि सड़क किनारे नाली निर्माण से पूर्व सीमांकन कराने को लेकर रामविचार साह ने अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार को आवेदन दिया था। आवेदन के आलोक में अमीन रवि तिवारी ने मुखिया प्रमोद कुमार, विधायक प्रतिनिधि सुरेश कुमार, रामविचार साह, विजय पाल सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में स्थल का सीमांकन किया।
सीमांकन के दौरान लगभग 30 कड़ी भूमि उपलब्ध पाई गई, जिस पर नाली का निर्माण कराया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से केतार बाजार की जलनिकासी की समस्या बनी हुई है, जिससे बरसात के दिनों में बाजार में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सीमांकन पूरा होने के बाद अब नाली निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया आसान होगी।
अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि अमीन द्वारा नाली निर्माण के लिए आवश्यक भूमि का सीमांकन कर दिया गया है। पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, इसलिए नाली निर्माण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नाली बनने से केतार बाजार में जलजमाव की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलेगी।


