राष्ट्रीय मोदी बरनवाल महिला विकास संघ ने धूमधाम से मनाया श्रावण महोत्सव
राष्ट्रीय मोदी बरनवाल महिला विकास संघ ने धूमधाम से मनाया श्रावण महोत्सव
गिरिडीह। राष्ट्रीय मोदी बरनवाल महिला विकास संघ, गिरिडीह की ओर से सिहोडीह स्थित कविता बैंक्वेट हॉल में भव्य श्रावण महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो विनीता कुमारी राष्ट्रीय अध्यक्षा राष्ट्रीय मोदी बरनवाल विकास संघ, ने महाराजा अहिबरण जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इसमें समाज की महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। पूरे आयोजन में श्रावण मास की मनोहारी छटा देखने को मिली।
श्रावण मास को देखते हुए महिलाएं हरे रंग की साड़ी, हरी चूड़ियों और हरे परिधानों में सज-धजकर पहुंचीं। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो आयोजन स्थल पर श्रावण की हरियाली उतर आई हो। महिलाओं के चेहरे पर उत्साह और मन में उमंग साफ दिखाई दे रही थी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गीत-संगीत और मनोरंजन के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में स्वादिष्ट भोजन की भी व्यवस्था की गई थी तथा सभी महिला सदस्यों को श्रृंगार से संबंधित सामग्री भी भेंट की गई। इस उपहार को पाकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिसका सभी ने आनंद लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. विनीता कुमारी ने कहा कि श्रावण महोत्सव महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का सुंदर माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज की महिलाओं में आपसी प्रेम, भाईचारा और सहभागिता की भावना को बढ़ावा देते हैं।
नगर अध्यक्ष सत्या सागर ने कहा कि महिलाओं के उत्साह और हरे परिधानों से पूरा आयोजन श्रावण की हरियाली से सराबोर नजर आया। महिला संघ भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
नगर सचिव अंजना मोदी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य मनोरंजन के साथ समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाना और आपसी संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा देना है।
नगर संगठन मंत्री संध्या बरनवाल ने कहा कि महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया। संगठन को मजबूत बनाने में महिला सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
संरक्षक उषा लाल ने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्रावण महोत्सव में महिलाओं का उत्साह काफी उत्साहवर्धक रहा।
वहीं ललिता, गीता, मंजू, अंजू, सीमा,सोनी, एवं खुशबू* ने भी कार्यक्रम को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सभी महिलाओं ने मिलकर जिस उत्साह के साथ महोत्सव में भाग लिया, उससे आयोजन यादगार बन गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए।
महिला संघ की ओर से आयोजित इस श्रावण महोत्सव ने सामाजिक एकजुटता, आपसी प्रेम और महिला सहभागिता की खूबसूरत मिसाल पेश की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने आयोजन की सराहना की।

