बजरंग दल ने खूँटी में 2000+ वृक्षारोपण अभियान शुरू, पहले दिन लगे 250 पौधे
कर्मवीर महतो के नेतृत्व में बजरंग दल खूँटी ने 2000+ वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ
विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल, जिला खूँटी द्वारा जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो के नेतृत्व में सेवा सप्ताह के अंतर्गत 2000+ वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के प्रथम चरण में विश्व जागृति मिशन आदिवासी पब्लिक स्कूल, कुंजला सहित विभिन्न स्थानों पर 250 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इसके अलावा खूँटी के सोसोटोली में 20 तथा कर्रा प्रखंड के कुडलुम में भी 20 पौधे लगाए गए। आने वाले दिनों में पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से 2000 से अधिक वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी युवाओं एवं नागरिकों से “एक व्यक्ति–एक पौधा” का संकल्प लेने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बजरंग दल सेवा कार्यों के माध्यम से समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण जायसवाल ने भारतीय संस्कृति में वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं कर्रा प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख पवन सिंह राठौर ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण जायसवाल, बजरंग दल जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो, खूँटी प्रखंड सह संयोजक अभिषेक साहू, खूँटी नगर मिलन प्रमुख श्रीकांत कश्यप, कर्रा प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख पवन सिंह राठौर, ओम ठाकुर, मनोरंजन स्वांसी सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

