SIR-2026 में बूथ-139 ने रचा रिकॉर्ड, बीएलओ सुमित्रा देवी बनीं मिसाल

SIR-2026 : विश्रामपुर विधानसभा के बूथ संख्या-139 पर विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण, बीएलओ सुमित्रा देवी बनीं अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणा

पलामू जिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप तेज़ी से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सभी बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर एन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गढ़वा जिले के मझिआंव प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या-139 ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है।

मतदान केंद्र संख्या-139 की बीएलओ सुश्री सुमित्रा कुमारी ने अपनी कार्यकुशलता, समर्पण और बेहतर नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए बूथ के सभी 542 मतदाताओं का एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने के साथ-साथ उसका डिजिटाइजेशन भी सफलतापूर्वक पूर्ण कराया। पुनरीक्षण के दौरान 2 मतदाता अनुपस्थित (Absent), 24 स्थानांतरित (Shifted), 10 मृत एवं 2 डुप्लीकेट मतदाता चिन्हित किए गए।

इस उपलब्धि के पीछे विश्रामपुर विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता कुंदन कुमार की सतत मॉनिटरिंग, प्रभावी कार्ययोजना एवं टीम आधारित कार्यशैली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नियमित मार्गदर्शन एवं निरंतर समीक्षा के कारण संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।

इस संबंध में कुंदन कुमार ने बताया कि विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरी गति से संचालित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी बीएलओ एवं पूरी टीम के समन्वित प्रयास से यदि कार्य इसी गति से आगे बढ़ता रहा, तो विश्रामपुर विधानसभा राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण करने वाला पहला विधानसभा क्षेत्र बनने की दिशा में अग्रसर है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बीएलओ सुमित्रा देवी को बधाई देते हुए कहा कि “सफलता केवल लक्ष्य प्राप्त करने में नहीं, बल्कि पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने में है। सुमित्रा कुमारी ने यह सिद्ध किया है कि प्रतिबद्धता और सुनियोजित कार्यप्रणाली से कठिन से कठिन लक्ष्य भी समय पर प्राप्त किए जा सकते हैं।”

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि “यह उपलब्धि केवल एक बीएलओ की सफलता नहीं, बल्कि पूरी टीम के समन्वित प्रयास का परिणाम है। मैं जिले के सभी बीएलओ से अपेक्षा करता हूँ कि वे भी इसी समर्पण, सकारात्मक सोच और कार्यसंस्कृति के साथ अपने-अपने बूथों पर शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें। उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रत्येक कर्मी का प्रशासन द्वारा प्रोत्साहन एवं सम्मान किया जाएगा।”