झारखंड को 99,639 करोड़ के निवेश की सौगात, 14 बड़े एमओयू पर हस्ताक्षर

नई दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेक होल्डर्स कंसल्टेशन के आखिरी दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में राज्य सरकार ने 99,639 करोड़ रुपए के निवेश वाले 14 समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इनमें 10 एमओयू उद्योग विभाग के साथ, दो आईटी विभाग के साथ और दो पर्यटन विभाग के साथ हुए हैं।
समापन सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज विभिन्न संस्थाओं से हुए एमओयू सिर्फ कागजी समझौता नहीं, बल्कि राज्य के उज्ज्वल भविष्य की उपलब्धियां हैं। झारखंड की पहचान खनिज संपदा से रही है। अब इसे रिसर्च, इनोवेशन और नए आइडियाज का केंद्र बनाना है। बेहतर कम्युनिकेशन की कमी के कारण झारखंड की क्षमता दुनिया के सामने पूरी तरह से नहीं आ पाई। सरकार इस गैप को खत्म कर देश-विदेश के निवेशकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखेगी।