पारसनाथ वन क्षेत्र में अवैध क्वार्ट्ज खनन पर बड़ी कार्रवाई, हाइवा जब्त
गिरिडीह। जिले के पारसनाथ वन क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध क्वार्ट्ज पत्थर के कारोबार पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं को कड़ी चेतावनी दी है। गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की रात चलाए गए विशेष अभियान में पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा इलाके से अवैध क्वार्ट्ज से लदा एक 16-चक्का हाइवा जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन और तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, डीएफओ मनीष तिवारी के निर्देश पर पारसनाथ रेंज के रेंजर एस.के. रवि के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। टीम ने खुखरा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए देर शाम कार्रवाई कर भारी मात्रा में क्वार्ट्ज पत्थर से लदा वाहन कब्जे में ले लिया। जब्त हाइवा को पारसनाथ रेंज कार्यालय लाया गया है, जहां उसकी कागजात और खनिज की वैधता की जांच की जा रही है।
वन विभाग ने बताया कि अब इसके पीछे सक्रिय गिरोहों की पहचान, पत्थर निकाले जाने का स्थान और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दायरे में वाहन मालिक, चालक, खनन कराने वाले और पूरे ट्रांसपोर्ट रूट को शामिल किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ वन एवं खनन कानूनों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पारसनाथ वन क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिलती रही हैं, बावजूद इसके माफिया वन संपदा का दोहन करते रहे। वन विभाग की यह कार्रवाई न सिर्फ़ अवैध कारोबारियों के लिये सख्त संदेश है बल्कि यह स्पष्ट संकेत भी देती है कि जंगलों में खनन माफियाओं की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वन अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन, वन संपदा की तस्करी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि किसी भी कीमत पर जंगलों की संपदा की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

