गिरिडीह में कुशवाहा संघ का 43वां स्थापना दिवस, शिक्षा और संगठन पर जोर

आज सिहोडीह गिरिडीह में स्थित कुशवाहा छात्रावास में कुशवाहा संघ, गिरिडीह का 43वां स्थापना दिवस समारोह पूरे धूम – धाम से मनाया गया . समारोह की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष इन्द्रनारायण प्रसाद ने की जबकि संचालन संघ के कार्यकारी अध्यक्ष दिगम्बर प्रसाद दिवाकर ने किया . समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्षा मुनिया देवी और जिला परिषद सदस्या श्रीमति कुमारी प्रभा वर्मा उपस्थित थीं .
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भगवान लव – कुश के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया . इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने संघ की स्थापना को अभूतपूर्व और महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संघ की अभी तक की संघर्षगाथा और उपलब्धियों को याद किया .
इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष इन्द्रनारायण प्रसाद ने कहा कि कुशवाहा संघ ने कुशवाहा समाज मे व्याप्त सामाजिक कुरीतियों को दूर करते हुए समाज का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया है . समाज में व्याप्त अशिक्षा, बाल विवाह, तलाक प्रथा, दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों की समाप्ति को एक मिशन के तौर पर लिया , जिसके परिणामस्वरुप इनमें से कई कुरीतियाँ या तो समाप्त हो गई हैं या फिर समाप्ति की ओर है . उन्होंने भव्य कुशवाहा छात्रावास को समाज के लिए बड़ी उपलब्धि बताया .
बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जिप अध्यक्षा मुनिया देवी ने संगठन को और भी सशक्त करने पर जोर दिया . उन्होंने समाज की लड़कियों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए इसे समाज की मजबूती का आधार बताया .
बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित जिप सदस्या कुमारी प्रभा वर्मा ने भव्य कुशवाहा छात्रावास को कुशवाहा समाज का पावर हब बताया जो आने वाले दिनों में समाज को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा .
संघ के जिला कार्यकारी अध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा और जिला संगठन मंत्री बैजनाथ प्रसाद बैजू ने संगठन की ग्रामीण समितियों को संगठन की रीढ़ बताते हुए ग्रामीण समितियों के पुनर्गठन और प्रशिक्षण पर जोर दिया .
संघ के जिला युवा प्रमुख दीपक वर्मा ने समाज की युवा शक्ति की महत्ता बताते हुए युवाओं को संगठन से जुड़ने की अपील की .
संघ के पूर्व जिला महामंत्री सुरेन्द्र कुशवाहा और जिला उपाध्यक्ष राजू महतो ने समाज को राजनीतिक रूप से भी सशक्त करने पर जोर दिया और अपनी खोई हुई राजनीतिक ताकत को पुनः वापस पाने की अपील की .
संघ के अंकेक्षक रामदेव वर्मा और प्रो. कपिलदेव वर्मा ने अपने समाज के महान पूर्वजों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने की अपील की .
इस अवसर पर गाण्डेय प्रखंड की ताराटांड़ ग्रामीण कमिटी की ओर से दस हजार रुपये का नकद सहयोग कुशवाहा छात्रावास के लिए दिया गया .
समारोह को युवा नेता मनीष वर्मा, बेंगाबाद प्रखण्ड अध्यक्ष पवन वर्मा, बेंगाबाद के पूर्व प्रखण्ड अध्यक्ष इन्द्रलाल वर्मा, जिला प्रवक्ता राजेन्द्र प्रसाद,हरिनंदन वर्मा, अशोक वर्मा , बसंत वर्मा, कार्तिक वर्मा, जयप्रकाश वर्मा, शिंबू वर्मा आदि ने भी सम्बोधित किया , जबकि इस अवसर पर रीतलाल प्रसाद वर्मा, उपेन्द्र वर्मा, कुलदीप वर्मा,दिनेश कुमार, नवीन वर्मा समेत समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित थे .