डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर छतरपुर नगर पंचायत में श्रद्धांजलि सभा

छतरपुर नगर पंचायत कार्यालय में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि
छत्तरपुर संवाददाता यमुना प्रसाद यादव

छतरपुर (पलामू), 27 जुलाई। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक एवं “मिसाइल मैन” के नाम से विख्यात डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को छतरपुर नगर पंचायत कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव ने कहा कि “डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम भारत के लिए प्रेरणा के स्रोत थे। वे आज भी हर भारतीय के दिलों में जीवित हैं। उनका सादगीपूर्ण जीवन, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण युवाओं के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा।”
उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने शिक्षा, विज्ञान, आत्मनिर्भर भारत और युवा शक्ति को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके विचारों को अपनाकर ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद उमेश कुमार, वार्ड प्रतिनिधि रवि राज, रोकी कुमार, राजस्व निरीक्षक अजीत कुमार यादव, टैक्स दारोगा अजय कुमार, लेखापाल सूरज कुमार पासवान, सामुदायिक संगठनकर्ता बेबी देवी, धनवाती देवी, शोभा देवी, प्रतिभा सिंह, राम प्रताप, कंप्यूटर ऑपरेटर संजय कुमार सिंह, कंचन कुमारी तथा नगर प्रबंधक मुर्तुजा अंसारी सहित नगर पंचायत के कई जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।