केतार में नकली धान बीज बेचने की आशंका, किसानों को किया गया सतर्क
केतार में नकली धान बीज बेचने की आशंका, किसानों को सतर्क रहने की अपील
केतार (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों कुछ लोग गांव-गांव घूमकर किसानों को धान का बीज बेच रहे हैं। आरोप है कि लगभग 50 रुपये प्रति किलो मूल्य के साधारण बीज को अच्छे किस्म के बीज के पैकेट में पैक कर 300 रुपये तक में किसानों को बेचा जा रहा है। इसको लेकर क्षेत्र के बीज व्यवसायियों ने किसानों को सतर्क रहने की अपील की है।
कुशवाहा बीज भंडार के संचालक रवि मेहता एवं प्रभात बीज भंडार के संचालक सूर्यदेव प्रसाद मेहता ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग सिंहपुर क्षेत्र में किसानों को बीज बेच रहे हैं। जानकारी मिलने पर उनसे बीज के संबंध में प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज दिखाने को कहा गया, लेकिन उन्होंने दस्तावेज प्रस्तुत करने से इनकार कर दिया।
बीज व्यवसायियों ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल अधिकृत बीज भंडारों से ही बीज खरीदें तथा गांव-गांव घूमकर बीज बेचने वाले लोगों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि बीज खरीदते समय पैकेट, गुणवत्ता प्रमाणन और रसीद की जांच अवश्य करें।
रवि मेहता ने बताया कि जांच के दौरान कुछ पैकेटों को खोलकर देखा गया, जिसमें बीज की गुणवत्ता पर संदेह उत्पन्न हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे लोग 40 से 50 किलो तक बीज पैक कर भोले-भाले किसानों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा किसानों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन में बीज की गुणवत्ता फसल उत्पादन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में बिना जांच-पड़ताल के बीज खरीदना नुकसानदायक साबित हो सकता है। प्रशासन से भी मामले पर नजर रखने की मांग की गई है।

