गिरिडीह में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की चोरी
गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र के डॉक्टर्स लेन एक सूने घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद, लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कीमती बर्तन तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गृहस्वामी निखिल कुमार उर्फ गोलू अपनी पत्नी के साथ शनिवार को चांदोरी रोड स्थित दूसरे आवास चले गए थे। रविवार देर रात लौटने पर उन्होंने घर का मुख्य गेट और कमरे का ताला टूटा पाया। अंदर का सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने अलमारी, बक्सा और पलंग के स्टोरेज को तोड़कर जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई का दावा कर रही है।

