“एक शाम अदब नवाज़ों के नाम” : मुशायरा एवं कवि सम्मेलन में नव-निर्वाचित बार काउंसिल सदस्यों को किया गया सम्मानित
गिरिडीह में साहित्य, संस्कृति और विधि जगत का अनूठा संगम देखने को मिला। “एक शाम अदब नवाज़ों के नाम” कार्यक्रम के तहत आयोजित सम्मान समारोह, मुशायरा और कवि सम्मेलन में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नव-निर्वाचित सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए।
गिरिडीह के भंडारीडीह स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता साजिद महमूद के आवास पर आयोजित समारोह में झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में विजयी हुए अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में गिरिडीह बार से निर्वाचित परमेश्वर मंडल और मीरा कुमारी के अलावा रांची हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता ए.के. रशीदी तथा बोकारो बार एसोसिएशन के अधिवक्ता मृत्युंजय कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, गिरिडीह नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सचिव चुन्नू कांत समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। सम्मान समारोह के बाद कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन किया गया, जहां साहित्य प्रेमियों ने शायरी और काव्य पाठ का भरपूर आनंद लिया।
वही कार्यक्रम को संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, ने कहा कि मैं अधिवक्ता समाज के साथ खड़ा हूं। उनकी आवाज और अधिकारों की लड़ाई में हमेशा सहयोग करता रहूंगा। हिंदी हमारी मां है और उर्दू हमारी मौसी, दोनों भाषाएं हमारी साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान हैं।”
कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता साजिद महमूद ने सभी अतिथियों, अधिवक्ताओं और साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और साहित्यिक संस्कृति को मजबूत करने का कार्य करते हैं। वही इस मौके पर बार एसोसिएशन के अधिवक्ता बाल गोविंद साहू ,दशरथ प्रसाद, शिवेंद्र सिन्हा,विशाल आनंद ,अमित कुमार,सुबहनील सामंता, कला सहाय, सुनीता शर्मा शहीद कई अधिवक्ता गण मौजूद थे।
वही सम्मान, साहित्य और सौहार्द का संदेश देने वाला यह आयोजन देर शाम तक शायरी और कविताओं की महफिल के साथ यादगार बना रहा।

