महुआडांड़ में स्कूटी-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत
महुआडांड़ में स्कूटी-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत
रामप्रवेश गुप्ता
महुआडांड़ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना स्कूटी और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना दी गई और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पारही केनाटोली निवासी कुन्दन टोप्पो के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में हुई थी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। लोगों का कहना है कि टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं और उसकी जान नहीं बच सकी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

