NH 39 पर अधूरी सड़क पर टोल वसूली बंद करे प्रशासन: विवेका त्रिपाठी

NH 39 पर अधूरी सड़क पर टोल वसूली बंद करे प्रशासन: विवेका त्रिपाठी

पलामू: कांग्रेस के पलामू जिला महासचिव तथा इंटक प्रदेश सचिव विवेका त्रिपाठी ने NH-39 स्थित दुबियाखाड़ टोल प्लाजा पर चल रही कथित अवैध टोल वसूली के खिलाफ तीखा हमला बोला है। उन्होंने जिला प्रशासन और NHAI पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़क अधूरी है और बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, तो जनता से जबरन टोल टैक्स वसूलना पूरी तरह अनुचित और अवैध है।
विवेका त्रिपाठी ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा, “सड़क निर्माण कार्य अभी लहलहे तक पूर्ण नहीं हुआ है। ऐसे में स्थानीय लोगों को टोल से राहत देने के लिए लोकल पास जारी करने पर टोल संवेदक, NHAI और जनप्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी थी। शुरुआती दिनों में कुछ लोगों को पास भी जारी किए गए, लेकिन अब अचानक नियम बदलकर आम गरीब जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि टोल कर्मी स्थानीय लोगों से जबरदस्ती पैसे वसूल रहे हैं। विरोध करने पर वे पल्ला झाड़कर कह देते हैं कि अब पूरा मामला NHAI के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चल रहा है। त्रिपाठी ने पूछा, “आखिर जनता कब तक इस मनमानी और लूट को बर्दाश्त करती रहेगी?”
“रोड नहीं तो टोल नहीं” जनता की जायज मांग
विवेका त्रिपाठी ने पलामू उपायुक्त से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अधूरी सड़क पर टोल वसूली तुरंत बंद नहीं की गई और स्थानीय लोगों को पूर्व समझौते के अनुसार राहत नहीं दी गई, तो जनता सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाएगी।
उन्होंने कहा, “‘रोड नहीं तो टोल नहीं’ केवल नारा नहीं, बल्कि जनता की जायज मांग है। यदि प्रशासन और NHAI शीघ्र समाधान नहीं निकालते हैं तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। इसके लिए पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और टोल प्रबंधन की होगी।”
यह मुद्दा स्थानीय स्तर पर काफी संवेदनशील बनता जा रहा है क्योंकि हजारों स्थानीय निवासी रोजाना इस मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन अधूरे निर्माण के बावजूद उन्हें भारी टोल देना पड़ रहा है।