“गिरिडीह में अतिक्रमण पर निगम की सख्ती, जाम से राहत के लिए चला अभियान
गिरिडीह। शहर में लगातार लग रहे जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से आज मंगलवार को नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान सख्ती के साथ चलाया गया। इस दौरान टावर चौक, कालीबाड़ी चौक, सदर अस्पताल रोड और बड़ा चौक सहित कई प्रमुख सड़कों से अवैध रूप से ठेला लगाकर सब्जी, फल और फूल बेचने वाले दुकानदारों को हटाया गया।
अभियान के दौरान निगम की टीम ने सड़कों और फुटपाथों को खाली कराया और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुछ जगहों पर हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की एक नहीं चली।
व्यवस्था बनाए रखने के लिए IRB फोर्स के जवान तैनात रहे, जिससे पूरा अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। सिटी मैनेजर अभिषेक प्रकाश ने बताया कि यह अभियान शहर में जाम की समस्या से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चलाया जा रहा है।
उन्होंने साफ कहा कि आगे भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। नगर निगम ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही व्यापार करें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

