गुमला की कैडेट ताशा झा की काव्य कृति ‘कोदंड’ को राष्ट्रीय सराहना, रक्षा व न्याय जगत के दिग्गजों से मिला सम्मान

गुमला की कैडेट ताशा झा की काव्य कृति ‘कोदंड’ को राष्ट्रीय सराहना, रक्षा व न्याय जगत के दिग्गजों से मिला सम्मान
गुमला – गुमला की होनहार बेटी, डीएवी पब्लिक स्कूल की 12वीं की छात्रा और 46 झारखंड बटालियन एनसीसी की सीनियर विंग कैडेट सार्जेंट ताशा झा ने अपनी स्वरचित काव्य कृति ‘कोदंड’ के माध्यम से साहित्य, राष्ट्रभावना और युवाओं की रचनात्मक चेतना का प्रभावशाली परिचय दिया है। उनकी इस पुस्तक को रक्षा, प्रशासन और न्याय जगत के वरिष्ठ अधिकारियों से सराहना और आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।
हाल ही में गुमला में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में ताशा ने एनसीसी रांची ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर आर. के. सिंह को ‘कोदंड’ भेंट की। इस अवसर पर 46 झारखंड बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल पी. बी. शर्मा भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व ताशा को रांची में माननीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मिलकर पुस्तक की प्रति भेंट करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने इस प्रयास को “नए भारत के आत्मविश्वास का प्रतीक” बताया।
‘कोदंड’ का विमोचन पिछले वर्ष सिसई स्थित बीएन जालान कॉलेज, सिसई में आयोजित एनुअल ट्रेनिंग कैंप–17 के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल पी. बी. शर्मा द्वारा किया गया था। ताशा को यह पुस्तक झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ध्रुव चंद्र मिश्रा, गुमला की पूर्व उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित, पुलिस अधीक्षक हारिश बिन जमाँ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राम कुमार लाल गुप्ता को भी भेंट करने का अवसर मिला।
भारत के सैन्य गौरव ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को समर्पित इस काव्य संग्रह की सराहना झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विरेंद्र वत्स, सहायक वायुसेना अध्यक्ष (शिक्षा) एयर वाइस मार्शल हरजीत एस. सिदाना और मेजर जनरल विशाल सिंह द्वारा प्रशंसा-पत्र भेजकर की गई है। उन्होंने ताशा की परिपक्व सोच, देशप्रेम और रचनात्मकता को प्रेरक बताया।
भगवान राम के अजेय धनुष के नाम पर आधारित ‘कोदंड’ युवाओं में राष्ट्रभावना, अनुशासन और सकारात्मक सोच को प्रेरित करने वाला संग्रह बनकर उभरा है। ताशा की इस उपलब्धि को डीएवी की राष्ट्रीय पत्रिका DAV United में भी प्रमुखता से फीचर किया गया है।