“डूडीया गांव में भव्य शिव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा, 501 महिलाओं की कलश यात्रा से गूंजा माहौल
डूडीया गांव में नव-निर्मित शिव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा हेतु चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू, 501 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा से गूंजा माहौल
भरनो (गुमला ) – डूडीया गांव स्थित महादेव टोंगरी पर नव-निर्मित शिव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर शनिवार से चार दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। पहले दिन निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
कलश यात्रा में आचार्य पंडित बिट्टू दुबे, अनिल नाथ कर, उमा पंडित, भागीरथ पंडित, संतोष कुमार कर, शशी पंडा, पंकज कर एवं अमन ठाकुर के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। विशेष आकर्षण यह रहा कि डूडीया नदी से 501 महिलाओं और कन्याओं ने विधिवत जल उठाकर पैदल यात्रा की। श्रद्धालु नगर भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचे, जहां जलाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की गई।
धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य यजमान के रूप में संजीत कुमार गुप्ता, दिलेश्वर महतो, दिगम्बर महतो, अशोक साव, रोहन महतो, विकास सिंह और पवन गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के उपरांत खीर प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में गांव के सभी ग्रामीणों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
मुख्य यजमान संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि दूसरे दिन रविवार को मंदिर में विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा होगी तथा रात्रि में अखंड हरि-कीर्तन आयोजित किया जाएगा। तीसरे दिन सोमवार को हवन-पूजन के साथ विशाल भंडारा और चौथे एवं अंतिम दिन मंगलवार की रात्रि भक्ति जागरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।




