अंबेडकर जयंती पर चैनपुर से “भीम संदेश यात्रा” का आगाज, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का आह्वान

डालटनगंज,पलामू: बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से “भीम संदेश यात्रा” का शुभारंभ चैनपुर प्रखंड के ग्राम पंचलेवा से किया गया। यात्रा की शुरुआत अंबेडकर पार्क में माल्यार्पण के साथ हुई, जिसके बाद जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने संतोष कुमार एवं राजेन्द्र राम के घर पहुंचकर यात्रा को आगे बढ़ाया।
भाकपा नेता रूचिर कुमार तिवारी ने कहा कि बाबा साहेब ने समतामूलक समाज के निर्माण के लिए संघर्ष करते हुए देश को संविधान दिया, जिसकी प्रस्तावना उसकी मूल आत्मा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज अंबेडकर के नाम पर राजनीति तो हो रही है, लेकिन दलितों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कांग्रेस के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और भाजपा सांसद वी.डी. राम का उदाहरण देते हुए कहा कि आम दलितों से उनका जुड़ाव कमजोर है।
नौजवान संघ के जिला सचिव अभय कुमार भुइंया ने कहा कि पलामू में दलितों के वोट लेकर उनके हितों की अनदेखी की गई है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा गांव-गांव जाकर दलितों के हक और अधिकार की आवाज बुलंद करेगी।
इस मौके पर किसान नेता रामराज तिवारी, अंचल सचिव प्रभु साहू, चैनपुर अंचल प्रभारी निरंजन कमलापुरी, रामगढ़ अंचल प्रभारी जमालुद्दीन, सलतुआ शाखा सचिव सुरेंद्र सिंह, योगेन्द्र सिंह, रामजीत राम, चंद्रशेखर तिवारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा में चरकू कोरवा, बालकिशुन राम, बिनोद राम, देवनारायण, झूलन, रघुवीर, तेजु राम और राम प्यारी कोरवा समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।