लेस्लीगंज पंचायत में शिक्षा की पहल, मुखिया रेखा देवी ने बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर भेजा

लेस्लीगंज पंचायत में शिक्षा की पहल, मुखिया रेखा देवी ने बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर भेजा

संवाददाता नीलांबर पीतांबरपुर।

लेस्लीगंज पंचायत में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। पंचायत की मुखिया रेखा देवी एवं विधायक प्रतिनिधि छोटेलाल सोनी ने हरी झंडी दिखाकर राजकीय मध्य विद्यालय बाबू दुमी तथा बालक राजकीय मध्य विद्यालय लेस्लीगंज के छात्र-छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चों को बेतला नेशनल पार्क, मिरचैया फॉल, सुगा बांध तथा लोध जलप्रपात का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीवन, जलस्रोतों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
इस अवसर पर मुखिया रेखा देवी ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण से बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास होता है। विधायक प्रतिनिधि छोटेलाल सोनी ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सीखने की रुचि बढ़ाते हैं।
भ्रमण को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने पंचायत की इस पहल की सराहना की।