लातेहार में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाईवे वाहन की टक्कर से युवक की मौके पर मौत

कसमार से नितीश कुमार की रिपोर्ट

लातेहार जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है।
बालूमाथ थाना क्षेत्र के मोरपा मोड़ के पास शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान नंदकिशोर राम, निवासी ग्राम कसमार, पंचायत कसमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदकिशोर राम काम के सिलसिले में रांची जा रहे थे।

दोपहर करीब 1:30 बजे, तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक हाईवे वाहन संख्या JH04 AD 2915 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि नंदकिशोर राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे हाईवे पर ही पकड़ लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो और फोटो साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रशासन से लोगों की यही अपील है कि सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरती जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।