नववर्ष को लेकर पुलिस सतर्क, एसपी ने शहर का किया व्यापक निरीक्षण, कपकपाती ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल
गिरिडीह। नववर्ष के आगमन को देखते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गिरिडीह ने सोमवार की रात को गिरिडीह शहरी क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा तैनात पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने शहरी इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट सहित संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नववर्ष के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ठंड के प्रकोप को देखते हुए मानवीय पहल करते हुए जरूरतमंद, बुजुर्ग एवं असहाय व्यक्तियों के बीच कंबल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की मदद भी करना है। इस दौरान रेलवे स्टेशन, हुट्टी बाजार, बस स्टैंड, सदर अस्पताल और डॉक्टर लाइन समेत कई क्षेत्रों में कपकपाती ठंड में जरुरतमंदों के बीच एसपी डाॅ विमल कुमार ने कंबल वितरण किया।
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत शांति और सौहार्द के साथ करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। एसपी ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह चौकस और तैयार है।

