महिला राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गिरिडीह की बेटियों का जलवा, जीते 7 पदक
बोकारो के गुरुगोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित प्रथम महिला राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गिरिडीह की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और झारखंड का नाम रोशन किया।
गिरिडीह की आठ खिलाड़ियों में से सात ने पदक अपने नाम किए — तीन स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य।कोच आकाश कुमार स्वर्णकार के नेतृत्व में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर रहीं खिलाड़ियों में “द बैलेंस पाथ एकेडमी” की ज्योति राज, “के टाइगर ताइक्वांडो एकेडमी” की सोनाक्षी कुमारी और आयशा विंत अफजल ने स्वर्ण पदक जीता। साक्षी कुमारी, अंजुम आरा और शिवानी कुमारी को रजत, जबकि तनीषा आर्य को कांस्य पदक मिला।
गिरिडीह जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव अमित स्वर्णकार ने खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए कहा कि उन्होंने उम्मीद से बढ़कर खेल दिखाया है। विजेताओं को विधायक मथुरा प्रसाद महतो, पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहबादी और संघ के पदाधिकारियों ने बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

