गढ़वा में कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी ने चलाया स्वच्छता अभियान और विकास कार्यों की शुरुआत

स्वच्छ भारत मिशन के तहत गढ़वा में सफाई, स्ट्रीट लाइट और जनसंवाद की पहल

स्वच्छ भारत मिशन, विकास गढ़वा के अंतर्गत आज कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी द्वारा गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों को अंजाम दिया गया। इन गतिविधियों में स्वच्छता, जनसंपर्क, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तथा सामाजिक सहभागिता को विशेष महत्व दिया गया। आज सोसाइटी की टीम ने गढ़वा नगर परिषद के वार्ड संख्या 3 स्थित मदरसा मोहल्ला एवं गढ़वा स्टेशन परिसर में संयुक्त रूप से साफ़–सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नालियों की गहन सफ़ाई की गई, सार्वजनिक स्थलों पर फैली गंदगी को हटाया गया तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए गए। इस पहल से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ यात्रियों को भी साफ़ एवं सुरक्षित वातावरण प्राप्त हुआ।

इसी क्रम में जगमग गढ़वा प्लान के तहत वार्ड संख्या 1 में अनेकों स्थान पर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना की गई। लंबे समय से अंधेरे की समस्या से जूझ रहे इन क्षेत्रों में रोशनी आने से न केवल आवागमन सुगम हुआ, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हुई।

वार्ड संख्या 19, बाढ़ मोहल्ला (टंडवा) में स्थानीय लोगों के साथ एक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें मोहल्ले से जुड़ी समस्याओं, आवश्यक सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर विचार–विमर्श हुआ। लोगों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान की दिशा में पहल का भरोसा दिया गया। इसके साथ ही वार्ड संख्या 3 में कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी के सदस्यता अभियान के तहत नए सदस्यता फॉर्म भरे गए। बड़ी संख्या में लोगों ने संगठन से जुड़ने की इच्छा जताई और समाजसेवा के कार्यों में भागीदारी का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सोसाइटी के सचिव श्री विकाश कुमार माली ने कहा कि “स्वच्छता, रोशनी और जनसंवाद किसी भी शहर के संतुलित विकास की नींव हैं। हमारा प्रयास है कि गढ़वा का कोई भी वार्ड विकास की प्रक्रिया से पीछे न रहे।” स्थानीय लोगों ने सोसाइटी की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि लगातार किए जा रहे इन प्रयासों से गढ़वा में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी द्वारा गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता अभियान, जगमग गढ़वा प्लान, जनसंवाद, सदस्यता अभियान, सामूहिक कन्या विवाह एवं अन्य सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जा रहे हैं और आगे भी इन्हें जारी रखने का संकल्प लिया गया है।