ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय पर दिया धरना
गिरिडीह:- केंद्र सरकार पर ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने गिरिडीह जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इसमें जिलेभर से सैकड़ों पुरुष व महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने किया।
घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भाजपा राजनीतिक द्वेष से प्रेरित होकर केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और दबाने के लिए कर रही है।
जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान किया जा रहा है, जो पूरी तरह राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है।
केडिया ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की लोकप्रियता से घबराई हुई है, इसलिए नेताओं को झूठे मामलों में फंसा रही है। कांग्रेस पार्टी इस तानाशाही रवैये के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
यदि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया और जांच एजेंसियों की निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान उचित सुरक्षा प्रबंध किए गए, जिससे प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

