गढ़वा में अभाविप का 26वां प्रदेश अधिवेशन: छात्र-शिक्षक प्रतिनिधियों का भव्य आयोजन

गढ़वा के रामलला मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड प्रदेश के 26वें प्रदेश अधिवेशन के निमित्त पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।
पत्रकार वार्ता में अधिवेशन की जानकारी देते हुए प्रदेश सह मंत्री अभय वर्मा ने बताया कि 25 दिसंबर संध्या प्रदर्शनी उद्घाटन के साथ शुरू हो रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश अधिवेशन 28 दिसंबर तक चलेगा। इस अधिवेशन में प्रदर्शनी का उद्घाटन नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह के द्वारा किया जाएगा। 26 दिसंबर को प्रदेश अधिवेशन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.राजशरण शाही की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रदेश अधिवेशन में पूरे प्रदेश भर से लगभग 1000 की संख्या में छात्र-छात्रा व शिक्षक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। अधिवेशन में झारखंड की वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य , सामाजिक स्थिति परिसीमन, बांग्लादेशी घुसपैठ, उच्चतर शिक्षा में भ्रष्टाचार, सहित विभिन्न शैक्षणिक व सामाजिक विषयों पर भाषण, प्रस्ताव व विद्यार्थियों के साथ चर्चा सत्र भी आयोजित की जाएगी। अधिवेशन में अभाविप के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश मंत्री भी अपना दायित्व ग्रहण करेंगे। अधिवेशन के दूसरे शोभायात्रा का भी आयोजन किया जाएगा। अधिवेशन स्थल से कार्यकर्ता नगर भ्रमण करते हुए रंका मोड़ के पास पहुंचेंगे और वहां खुला मंच लगाकर खुला अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा जहां अभाविप के छात्र नेता झारखंड के वर्तमान शैक्षणिक, राजनीतिक व सामाजिक विषयों पर अपना भाषण देंगे और रात्रि में सुप्रसिद्ध कलाकार मोहित सेवानी की टीम के द्वारा राम मंदिर आंदोलन के पूरे 500 वर्षों के संघर्ष की संगीतमय प्रस्तुति भी दी जाएगी।
अधिवेशन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी देते हुए अधिवेशन व्यवस्था प्रमुख मंजुल शुक्ला ने बताया गया कि गढ़वा के स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश भर से आने वाले विद्यार्थी व शिक्षक प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए भव्य तैयारी की जा रही है। रामलला मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन को एक नगर की तरह बसाया जा रहा है और इस नगर का नाम 1971 के युद्ध में शहीद हुए मेराल प्रखंड के शहीद रामप्रीत ठाकुर के नाम पर रखा गया है, वहीं मुख्य सभागार को अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री व बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुशील मोदी सभागार और प्रदर्शनी को प्राध्यापक यशवंत राव केलकर मंडपम के नाम से जाना जाएगा। आगे मंजुल शुक्ला ने बताया कि अधिवेशन की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए लगभग 100 की संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। गढ़वा प्रदेश भर से आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड प्रांत का 26वाँ प्रांत अधिवेशन युवा चेतना, राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का जीवंत संगम बनेगा।

You may have missed