सरदार@150” एकता पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को किया रवाना

“सरदार@150” एकता पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को किया रवाना

गिरिडीह। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर मंगलवार को शहर में “सरदार@150” एकता पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व गिरिडीह लोकसभा सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने किया।
कार्यक्रम की शुरूआत झंडा मैदान से हुई, जहां बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और एनएसएस/एनसीसी इकाइयों के सदस्य जुटे थे। सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने मौके पर उपस्थित सैकड़ों प्रतिभागियों को एकता और नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाया।
इस दौरान केन्दुआगढ़ा स्थित ज्वाला युवा क्लब के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसने प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ा दिया। इसके बाद सांसद ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।
भारत माता की जयकारों से गूंजते हुए यह विशाल पदयात्रा झंडा मैदान से टावर चौक, कालाबाड़ी चौक, मकतपुर, बरगंडा होते हुए पुनः झंडा मैदान में आकर सम्पन्न हुई।
इस एकता पदयात्रा में गिरिडीह कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वैच्छिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों समेत 500 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।