गिरिडीह में जोश और उमंग के साथ सम्पन्न हुआ सांसद खेल महोत्सव 2025 का बैडमिंटन फाइनल
गिरिडीह:- सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत गिरिडीह में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले इनडोर स्टेडियम, गिरिडीह में अत्यंत उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि श्री दिनेश यादव , सांसद प्रतिनिधि श्री सुरेश मंडल , संयोजक श्री मुकेश जालान , टूर्नामेंट प्रभारी श्री नागेंद्र , मुकेश सर तथा भाजपा आईटी सेल संयोजक श्री शाहिल शर्मा उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का प्रेरणादायक संदेश भी इस अवसर पर साझा किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि “सांसद खेल महोत्सव भारत के युवाओं में खेल और स्वास्थ्य के प्रति नई चेतना जगा रहा है। खेल केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन और आत्मा को भी सशक्त बनाते हैं। जब युवा मैदान में उतरते हैं, तब भारत आत्मविश्वास से भरा और विजयी बनता है।” प्रधानमंत्री जी के इस संदेश ने उपस्थित खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार किया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से इसका स्वागत किया।
बैडमिंटन के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुरुष सीनियर डबल्स वर्ग में रोशन कुमार और आदर्श पांडेय ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि अभिषेक कुमार और अमन सलूजा उपविजेता रहे। बालक सीनियर सिंगल्स वर्ग में अंकित कुमार विजेता और अंकित यादव उपविजेता बने। पुरुष 40+ आयु वर्ग के डबल्स मुकाबले में संजीव कुमार और विनय कुमार सिंह ने जीत दर्ज की, वहीं रोहित कुमार और सुनील बगड़िया उपविजेता रहे। बालिका 15+ आयु वर्ग में राशी कुमारी ने बाजी मारी और काश्वी कृष्णांग उपविजेता रहीं। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान की गई।
पूर्व नगर पार्षद अध्यक्ष दिनेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस और अनुशासन की राह पर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “फिट इंडिया – युवा इंडिया” अभियान को धरातल पर उतारने का यह उत्कृष्ट उदाहरण है। संयोजक श्री मुकेश जालान जी ने कहा कि कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, ताकि ग्रामीण स्तर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान मिल सके। टूर्नामेंट प्रभारी श्री नागेंद्र जी ने आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि गिरिडीह के खिलाड़ियों ने अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया है।
आयोजन समिति ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव का अगला चरण 14 नवम्बर 2025 को एथलेटिक्स एवम वॉलीबॉल प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया जाएगा प्रतियोगिता एच. ई. हाई स्कूल ग्राउंड, गिरिडीह में प्रातः 9 बजे से शुरू होगी ।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। खिलाड़ियों और अतिथियों ने “फिट रहो – आगे बढ़ो” और “जहाँ युवा आगे बढ़ते हैं, वहाँ भारत विजयी होता है” के नारे लगाए। गिरिडीह में सांसद खेल महोत्सव का यह दूसरा दिन खेल, अनुशासन और देशभक्ति का अद्भुत संगम बन गया, जिसने यह संदेश दिया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आधार हैं।

