गौशाला मेला की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक समीक्षा बैठक, एसडीएम बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता
गौशाला मेला की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक समीक्षा बैठक, एसडीएम बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता
गिरिडीह। पचम्बा स्थित ऐतिहासिक गौशाला मेला अपने 128वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। इस पारंपरिक मेला को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से गौशाला समिति के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिस्पुते ने की।
इस दौरान बैठक में मेला की तैयारियों से जुड़े सभी प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम ने गौशाला परिसर जाकर स्थल का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, रोशनी और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मेला लोगों की आस्था से जुड़ा आयोजन है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि मेला अवधि में भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। एसडीएम ने गौशाला समिति के सदस्यों से समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
इस बैठक में नगर निगम, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, नगर थाना, मुफस्सिल थाना और पचम्बा थाना के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाते हुए मेला क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

