पलामू के 3,800 परिवारों की बदलेगी तकदीर, वित्त मंत्री ने किया योजना का शुभारंभ
झारखंड समावेशी आजीविका योजना से पलामू के 3,800 अति गरीब परिवारों को मिलेगा आत्मनिर्भरता का आधार,वित्त मंत्री-डीसी ने किया शुभारंभ
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को छतरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में झारखंड समावेशी आजीविका योजना (Jh-SAY) का शुभारंभ सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर एवं पलामू के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से किया। इस योजना के माध्यम से पलामू के छतरपुर, हुसैनाबाद एवं पांडू प्रखंड के कुल 3,800 अति गरीब एवं संवेदनशील परिवारों को सतत आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम के दौरान योजना से जुड़े लाभुक परिवारों के बीच कंबल एवं सोलर लैंप का वितरण किया गया। इसके तहत छतरपुर प्रखंड के 1,600, हुसैनाबाद के 1,100 तथा पांडू प्रखंड के 1,100 परिवारों को योजना से जोड़ा गया है। इस पहल का उद्देश्य अति गरीब परिवारों की तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के साथ उन्हें स्थायी आय के साधनों से जोड़ना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड समावेशी आजीविका योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को गरीबी के दुष्चक्र से बाहर निकालकर सम्मानजनक जीवन का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि योजना में केंद्र सरकार की 60 प्रतिशत और राज्य सरकार की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। राज्य सरकार इस योजना के क्रियान्वयन में लगभग 38 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगा।
माननीय मंत्री ने अति गरीब परिवारों को आजीविका के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया, ताकि जरूरतमंद परिवार खेती के माध्यम से भी अपनी आय बढ़ा सकें। उन्होंने योजना के तहत चिह्नित 14 गांवों में डीप बोरिंग अथवा बड़े तालाब के निर्माण की पहल करने की बात कही, जिससे ग्रामीण परिवारों को सिंचाई की सुविधा मिल सके और कृषि आधारित आजीविका को बढ़ावा मिले। उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षित एवं विकास के प्रति संवेदनशील जनप्रतिनिधियों का चयन करने की भी अपील की।
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जेएसएलपीएस द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सखी मंडल की दीदियों ने सामूहिक प्रयास और मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। अब लक्ष्य केवल महिलाओं को लखपति बनाना नहीं, बल्कि उन्हें करोड़पति दीदी के रूप में स्थापित करना होना चाहिए। इसके लिए महिलाओं को बकरी पालन, मुर्गी पालन, सूकर पालन, कृषि एवं छोटे व्यवसायों से जोड़ने के साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार और उचित मूल्य उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि संगठन में बड़ी शक्ति होती है। जब महिलाएं संगठित होकर अपने उत्पादों का विपणन करेंगी, तो उन्हें बाजार में बेहतर कीमत मिल सकेगी। उन्होंने महिलाओं को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना उनके उज्ज्वल भविष्य और परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में दीर्घकालिक बदलाव का आधार बनेगा।
इस अवसर पर जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा ने योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पलामू में उपज परियोजना के सकारात्मक परिणामों के आधार पर समावेशी आजीविका योजना का विस्तार किया गया है। वहीं, पीवीटीजी के राज्य प्रबंधक सुवाकांत नायक ने बताया कि यह योजना झारखंड के 12 जिलों में संचालित है। इसके तहत अति गरीब परिवारों की पहचान कर उन्हें कम से कम दो आजीविका गतिविधियों से जोड़ने, नियमित मार्गदर्शन देने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावे छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार, स्थानीय प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के कर्मी, सखी मंडल की दीदियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।



