बलिदान देंगे, लेकिन जल-जंगल-जमीन को माफियाओं के हवाले नहीं होने देंगे: ग्रामीणों का संकल्प*
झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत रेवारातू ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने पत्थर माफियाओं के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की है। वे कहते हैं कि जान दे देंगे, लेकिन अपनी प्राकृतिक धरोहर को नष्ट नहीं होने देंगे।
एक बुजुर्ग ग्रामीण ने भावुक होकर कहा, “प्राकृतिक जंगल और जमीन हमारी धरोहर है। इससे ही हम जीवित हैं। हमारे पूर्वज इन्हें देवता की तरह पूजते थे। किसी भी कीमत पर माफियाओं को जंगल उजाड़ने नहीं देंगे।”
मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे शिवराज सिंह ने जोर देकर कहा, “जान दे देंगे, लेकिन जंगल को पत्थर माफियाओं के हवाले नहीं होने देंगे। यह हमारी सनातनी धरोहर है।”
प्रसिद्ध समाजसेवी आशीष सिंह ने चेतावनी दी, “मैं हमेशा गरीब किसानों के लिए संघर्ष करता रहा हूं। यदि सुनवाई नहीं हुई, तो सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे और प्रखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा।”
एक महिला ग्रामीण ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, “केवल मइया सम्मान योजना से हमारा मान-सम्मान सुरक्षित नहीं होगा। हमारे घर-परिवार, जल-जंगल, पशु और समाज की रक्षा जरूरी है।”

