कलश स्थापना एवं अनुष्ठान की शुरुआत:

  • 24,000 गायत्री महामंत्र के जाप का शुभारंभ।

गढ़वा : गायत्री शक्तिपीठ कल्याणपुर में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन सोमवार को कलश स्थापना के साथ 24 हजार गायत्री महामंत्र का अनुष्ठान शुरू हुआ. अनुष्ठान में काफी संख्या में महिला पुरुष भाग ले रहे हैं. इधर ओम समिति द्वारा माँ दुर्गा के पूजा पंडाल में भी कलश स्थापना के साथ माँ दुर्गा के शैल पुत्री के रूप में पूजा अर्चना शुरू हुई. कलश स्थापना के पूर्व गायत्री शक्तिपीठ स्थल से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा की शुरुआत गायत्री परिवार के जिला समन्वयक विनोद पाठक, गढ़वा प्रखंड समन्वयक अखिलेश कुशवाहा, अनिल विश्वकर्मा, उदय कुमार, अशोक विश्वकर्मा, ओम समिति के अध्यक्ष चन्द्रमनी कुमार, सचिव संदीप विश्वकर्मा, वार्ड पार्षद अजीत शर्मा, उत्तम विश्वकर्मा, सिकंदर चंद्रवंशी आदि ने कुमारी कन्याओं को कलश प्रदान कर किया. कलश यात्रा माँ दुर्गा के जयघोष और हम बदलेंगे-युग बदलेगा, हम सुधरेंगे -युग सुधरेगा के नारे के साथ फोरलेन बाईपास होते हुये घिवा नदी में गया, जहां वरुण देवता के पूजन कर कलश में जल भरा और नगर भ्रमण करते हुये कलश को पूजा पंडाल में स्थापित किया. कलश यात्रा को सफल बनाने में गौतम विश्वकर्मा, पप्पू कुमार, मनीष ठाकुर, ब्रजेश विश्वकर्मा सहित ओम समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभायी. पूजन पंडित विष्णु दूबे ने संपन्न कराया.
प्रतिदिन शाम में होगी रामकथा
गायत्री शक्तिपीठ कल्याणपुर पूजा पंडाल में हर साल की तरह इस वर्ष भी पूरे नवरात्रि प्रतिदिन शाम 7.30 बजे से लेकर 10 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया गया है. संगीतमय रामकथा गायत्री परिवार के विनोद पाठक द्वारा सुनाया जायेगा. रामकथा में शिवपूजन व्यास और उपेंद्र शर्मा की टीम द्वारा संगीत-भजन प्रस्तुत किया जायेगा.