बिजली समस्या को लेकर हुट्टी बाजार के लोगों का फूटा आक्रोश, सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

गिरिडीह के हुट्टी बाजार में गुरुवार को बिजली की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर नगर भवन के समीप सड़क जाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। कुछ ही देर में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्री गर्मी से बेहाल हो उठे।

जाम की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से इलाके में बिजली की समस्या बनी हुई है। वहीं बीते तीन दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति ठप रहने से आमजनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, घरों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है और उमस भरी गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि विभाग फोन पर भी शिकायत सुनने को तैयार नहीं है। मजबूरन उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

You may have missed