साक्षरता जागरूकता रैली का आयोजन – “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” के तहत कुश्मटांड़ गांव में कार्यक्रम संपन्न
गिरिडीह – इनरव्हील क्लब ऑफ़ गिरिडीह सनशाइन के तत्वावधान में आज कुश्मटांड़ गांव में साक्षरता जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में गांव के बच्चों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शिक्षा के महत्व को समझने व समझाने में अपना सहयोग दिया।
रैली के उपरांत बच्चों के बीच स्टेशनरी सामग्री जैसे पेंसिल, रबड़, शार्पनर, किताबें आदि वितरित की गईं। इसके साथ ही उन्हें साक्षरता के महत्व को दर्शाने वाले पंपलेट्स भी दिए गए, जिनमें यह बताया गया कि शिक्षा जीवन को कैसे सकारात्मक दिशा देती है।
यह कार्यक्रम “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। क्लब की अध्यक्ष कविता राजगढ़िया की अगुवाई में यह सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर आईपीपी सोनाली तरवे, उपाध्यक्ष राखी झुनझुनवाला, सचिव स्मृति आनंद, कोषाध्यक्ष मनीषा कपिश्वाय, तथा सदस्य रश्मि गुप्ता, किरण बर्नवाल सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
इस अभियान का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में साक्षरता दर को बढ़ावा देना है।

