पलामू पुलिस की सामंती गुंडागर्दी के खिलाफ ऐतिहासिक रैली!

29 अगस्त, डाल्टनगंज :
आज डाल्टनगंज की सड़कों पर जनता का समंदर उमड़ पड़ा। भगत सिंह चौक से निकली रैली जब अंबेडकर पार्क होते हुए कचहरी पहुँची, तो पूरे शहर ने देखा कि पलामू की जनता अब पुलिसिया दमन को और बर्दाश्त नहीं करेगी।

हजारों की भीड़ हाथों में झंडे और तख्तियां लिए, “पुलिसिया राज मुर्दाबाद!”, “सामंती पुलिस होश में आओ!” और “भगत सिंह आंबेडकर के रास्ते!” जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़ रही थी।

कचहरी पहुँचने के बाद रैली एक जनसभा में बदल गई। सभा में लातेहार जिला भाकपा माले सचिव बिरजू राम, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा मेहता, अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य अध्यक्ष बी.एन. सिंह, भाकपा माले पलामू जिला सचिव रविंद्र भुइयां, आइसा जिला अध्यक्ष गुड्डू भुइयां, आरवाईए नेता दिव्या भगत, रसोइया राज्य अध्यक्ष अनीता देवी, जन संग्राम मोर्चा केंद्रीय अध्यक्ष जुगल पाल, जन क्रांति मंच केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुधन शत्रु, बसपा पलामू प्रभारी विनोद सोनी, ईश्वरी महतो, बीरेंद्र राम, रामप्रसाद बौद्ध तथा सामाजिक न्याय परिषद के अध्यक्ष रवि पाल ने जनता को संबोधित किया।

नेताओं ने कहा कि पुलिस अब सामंत और जमींदार की तरह व्यवहार कर रही है। वकीलों, छात्र नेताओं और महिलाओं को थाने के अंदर पीटना, दलित-गरीबों पर बर्बर हमला करना, बालू माफियाओं को पैदा करना, यह सब पलामू पुलिस का असली चेहरा है।

सभा से ऐलान हुआ कि पलामू की जनता अब नई जमींदारी और पुलिसिया राज को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान ने हर नागरिक को सम्मान और बराबरी का अधिकार दिया है। पुलिस अगर इसे कुचलने की कोशिश करेगी, तो जनता सड़कों पर उतरेगी और उसके सामंती राज को उखाड़ फेंकेगी

You may have missed