नव प्राथमिक विद्यालय पाठकडीह भवन जर्जर, पंचायत भवन में चल रही है पढ़ाई

बोकारो:- चास प्रखंड के बिजुलिया पंचायत अंतर्गत नव प्राथमिक विद्यालय पाठकडीह का भवन जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। लगातार तीन महीनों से हो रही बारिश के कारण विद्यालय के भवन में पानी भर जाता है और छत के हिस्से टूट-टूटकर गिर रहे हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि शिक्षक और बच्चे भयभीत रहते हैं। विद्यालय का किचन शेड भी अत्यंत जर्जर हो गया है, वहीं विद्यालय के बगल में गड्ढे में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति और शिक्षकों ने पिछले 20 दिनों से पंचायत भवन में बच्चों की पढ़ाई शुरू कर दी है। विद्यालय में फिलहाल 42 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिन्हें दो शिक्षक—रामकिशन पाठक और जगदीश माली—पढ़ा रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से हर माह रिपोर्ट के माध्यम से जिला शिक्षा विभाग को भवन की समस्या से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

इसी क्रम में शनिवार को बोकारो की उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजुमदार बिजुलिया पंचायत निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन पहुंचीं। उन्होंने बच्चों को सभा कक्ष में पढ़ाई करते हुए देखा और तत्काल शिक्षकों को दूसरे कमरे में पढ़ाने का निर्देश दिया। इसके बाद डीडीसी ने बच्चों और शिक्षकों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही विद्यालय भवन की मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को जिला कार्यालय में आवेदन देने का निर्देश भी दिया।

गाँव के लोगों ने भी अपेक्षा जताई है कि प्रशासन जल्द से जल्द जर्जर भवन की मरम्मत कर बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराए।