50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लाक का प्रधानमंत्री करेंगे आनलाइन शिलान्यास

0
8da174fc-540b-430a-8041-ff4f47e876dc

सदर अस्पताल परिसर में 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लाक का प्रधानमंत्री करेंगे आनलाइन शिलान्यास

गढ़वा : सदर अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लाक का रविवार की शाम चार बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आनलाइन शिलान्यास करेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसकी जानकारी सिविल सर्जन डा.अशोक कुमार ने सीएस कार्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

सिविल सर्जन ने कहा कि क्रिटिकल केयर ब्लाक का निर्माण 23.75 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री राजकोट से आनलाइन शिलान्यास करेंगे तथा संबोधित भी करेंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम विशिष्ट अतिथि होंगे। जबकि गढ़वा जिले से संबंधित सभी विधायकाें के साथ ही रेडक्रास सोसाइटी एवं अन्य सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर ब्लाक के बन जाने से सदर अस्पताल परिसर में पुराने अस्पताल भवन, नए अस्पताल भवन, कोविड यूनिट भवन समेत 250 बेड की व्यवस्था हो जाएगी। इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो जाने से गढ़वा में मेडिकल कालेज शुरु करने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्हाेंने कहा कि क्रिटिकल केयर ब्लाक में वैसे मरीजों का इलाज होगा, जिनकी हालत बीमारी या दुर्घटनाग्रस्त होने पर क्रिटिकल हो। पत्रकार वार्ता में उपस्थित डीपीएम समरेश सिंह ने कहा कि आइसीयू की तरह ही क्रिटिकल केयर ब्लाक भी बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री एक साथ पूरे देश में कई स्थानों में क्रिटिकल केयर ब्लाक की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों में सीसीबी भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, वहां इसका उद्घाटन किया जा रहा है। जबकि जिस जिले में सीसीबी भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, वहां आनलाइन शिलान्यास किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में डीडीएम सुजीत कुमार मुंडा, यक्ष्मा विभाग के डीपीसी डा.पुरुषेश्वर मिश्र भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *