15वें वित्त आयोग की योजनाओं की DC ने की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
गिरिडीह। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित विकास योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बेंगाबाद, पीरटांड़, बिरनी, सरिया, देवरी और तिसरी प्रखंड में योजनाओं की प्रगति, वित्तीय व्यय, लंबित कार्यों और निर्माण की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करना है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा, स्वीकृत मानकों और वित्तीय नियमों के अनुरूप पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ को लंबित योजनाओं को जल्द पूरा कराने, नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वीकृत राशि का समयबद्ध और शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही, अनियमितता या कार्य की गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी तेज कुमार हांसदा सहित बीडीओ, प्रमुख, मुखिया, पंचायत सचिव और कनीय अभियंता मौजूद रहे।

