योगीटांड़ में NH-114A की बदहाली पर CCL का जवाब, अवैध खनन को बताया भू-धसान की वजह
योगीटांड़ के निकट NH-114A की बदहाल स्थिति पर CCL ने दिया जवाब, अवैध खनन को बताया भू-धसान का कारण
*
गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग (NH-114A) पर योगीटांड़, गिरिडीह स्टेडियम के निकट सड़क के नीचे स्थित भूमिगत गोफ एवं क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर सुनील खंडेलवाल द्वारा कोयला मंत्रालय के सचिव को भेजी गई शिकायत पर CCL गिरिडीह ने 16 सितंबर 2026 को जवाब दिया है।
CCL के अनुसार, शिकायत में उल्लेखित सड़क उसके लीज-होल्ड क्षेत्र से होकर गुजरती है, लेकिन सड़क का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा किया गया है। इसलिए सड़क की मरम्मत, सुरक्षा एवं रखरखाव का कार्य पूर्ण रूप से संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधीन है।
CCL ने अपने जवाब में यह भी स्पष्ट किया है कि उसके द्वारा किए जा रहे वैध खनन कार्यों से किसी प्रकार के भू-धसान की घटना नहीं होती है। CCL के अनुसार इस मार्ग पर होने वाली भू-धसान की घटनाएं अवैध खनन एवं उससे जुड़े अवैध कारोबार के कारण होती हैं।
CCL ने सुझाव दिया है कि यदि राज्य सरकार द्वारा अवैध खनन तथा उससे प्राप्त कोयले के अवैध व्यापार पर सख्ती से रोक लगाई जाए, तो इस प्रकार की भू-धसान की घटनाओं पर पूर्णतः नियंत्रण पाया जा सकता है।
सुनील खंडेलवाल ने कहा कि CCL के जवाब से यह स्पष्ट है कि मामले में CCL, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा राज्य प्रशासन, तीनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सड़क पर यातायात की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित स्थल का तकनीकी निरीक्षण, गोफ की स्थिति का आकलन तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय और स्थायी सड़क मरम्मत शीघ्र सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि किसी संभावित दुर्घटना या जनहानि की प्रतीक्षा किए बिना NH-114A के योगीटांड़ क्षेत्र में तत्काल संयुक्त निरीक्षण कराकर आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा कार्रवाई की जाए तथा सड़क की स्थायी मरम्मत सुनिश्चित की जाए।

