खेलो झारखंड में लेदा के खिलाड़ियों का जलवा, TRP +2 हाई स्कूल ने जीते कई पदक

खेलो झारखंड में लेदा के खिलाड़ियों का जलवा, TRP +2 हाई स्कूल ने जीते कई पदक

गिरिडीह/लेदा। खेल के मैदान में प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए TRP +2 हाई स्कूल, लेदा के विद्यार्थियों ने खेलो झारखंड प्रतियोगिता में विद्यालय का नाम रोशन किया है। एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं से लेकर कबड्डी तक विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए।

प्रतियोगिता में 200 मीटर दौड़ में उदय सिंह, शॉटपुट में राज कुमार रवानी, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो में रिशु सिंह, ट्रिपल जंप में अली हसन तथा हाई जंप में उदय सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग की 4×400 मीटर रिले टीम भी प्रथम स्थान पर रही।

बालिका वर्ग में 400 मीटर दौड़ में परमिला कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा कई खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों में 100 मीटर में रिशु सिंह, 400 मीटर में राज कुमार रवानी, लॉन्ग जंप में तेजस राज, बालक वर्ग की 4×100 मीटर रिले टीम, बालिका वर्ग की 100 मीटर में परमिला कुमारी, शॉटपुट में गुड्डू कुमारी तथा 4×400 मीटर रिले टीम शामिल हैं।

वहीं 1500 मीटर दौड़ में अमित साहू और 3000 मीटर दौड़ में अजीत मुरमुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कबड्डी में भी मारी बाजी

TRP +2 हाई स्कूल, लेदा की कबड्डी टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रखंड स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। टीम में रिशु सिंह, राज कुमार रवानी, अली हसन, वाहिद अंसारी, तेजस राज, बादल कुमार, हर्ष गुप्ता और साहिल गुप्ता शामिल रहे।

प्रिंसिपल अनीता मित्तल ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस सफलता को उनकी नियमित मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया ।

प्रिंसिपल मित्तल को उम्मीद है कि ये प्रतिभावान खिलाड़ी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर लेदा और अपने विद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे।