गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य समेत तीन पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग, अभाविप कल से करेगा भूख हड़ताल

गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य समेत तीन पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग, अभाविप कल से करेगा भूख हड़ताल

गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपना आंदोलन और तेज करने का निर्णय लिया है। 15 सितंबर से जारी धरना-प्रदर्शन के बाद अब परिषद ने 18 सितंबर 2026 से भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।

अभाविप के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायत पिछले करीब ढाई महीने से विश्वविद्यालय स्तर पर लंबित है। उनका कहना है कि गिरिडीह कॉलेज के वर्तमान प्राचार्य, बर्सर और प्रोफेसर इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

मुर्मू ने आरोप लगाया कि परिषद ने अभी केवल कुछ साक्ष्य विश्वविद्यालय के समक्ष रखे हैं, जबकि विस्तृत जांच होने पर पूर्व में बर्सर के पद पर रहे वर्तमान प्राचार्य के कार्यकाल से जुड़े लाखों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आ सकता है।

जिला संयोजक नीरज चौधरी ने आरोप लगाया कि संबंधित तीनों पदाधिकारी अपने पद का इस्तेमाल कर कथित अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्यों को प्रभावित करने या मिटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए जांच पूरी होने तक तीनों पदाधिकारियों को तत्काल पद से अलग किया जाना चाहिए।

अभाविप नेताओं के अनुसार, 17 सितंबर को विश्वविद्यालय से तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गिरिडीह कॉलेज पहुंचा और जांच का आश्वासन दिया। हालांकि, परिषद का आरोप है कि पिछले कई महीनों से विश्वविद्यालय की ओर से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं और मामले को टालने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कारण आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

अभाविप के एसएफएस सह संयोजक अनीश रॉय ने कहा कि 18 सितंबर से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। परिषद की मांग है कि पहले संबंधित पदाधिकारियों को पद से हटाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में यदि वे दोषमुक्त पाए जाते हैं, तो उन्हें दोबारा पदस्थापित किया जा सकता है।

परिषद ने यह भी बताया कि मामले को लेकर माननीय उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (PIL) दायर करने का निर्णय लिया गया है।

मौके पर नगर सह मंत्री अभिजीत सिन्हा, कॉलेज मंत्री कृष पासवान, उपाध्यक्ष संदीप वर्मा, विवेक तरवे, बिट्टू मोदी, अंजली कुमारी, प्रसिद्ध जी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।