विश्व योग दिवस की तैयारी तेज, गिरिडीह में अधिकारियों ने किया योगाभ्यास
गिरिडीह। विश्व योगा दिवस को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने तैयारियों का शुरू कर दी है। शहर के गिरिडीह स्टेडियम में चल रहे दो दिवसीय योग अभ्यास सत्र में शुक्रवार की सुबह जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों ने भाग लेकर योग के विभिन्न आसन व तकनीकें सीखीं।
अभ्यास सत्र में गिरिडीह के डीसी रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद व डीडीसी स्मृता कुमारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। इस दौरान जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी गुलाम मुस्तफा अंसारी ने बताया कि तैयारियों के तहत 19 व 20 जून को यह दो दिवसीय अभ्यास चलाया जा रहा है ताकि 21 जून को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
गुलाम मुस्तफा अंसारी ने कहा कि अभ्यास सत्र का उद्देश्य नागरिकों को योग के लाभों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी शहर वासियों से अपील की कि वे 21 जून को झंडा मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
जिला प्रशासन ने बताया कि 21 जून को आयोजित कार्यक्रम में प्रातःकालीन सत्र, योग प्रशिक्षक द्वारा निर्देश तथा सामूहिक योगाभ्यास शामिल होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक नागरिकों के लिए व्यवस्थाएँ और निर्देश स्थानीय प्रशासन की ओर से समय से पहले जारी कर दिए जाएँगे।
स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह व्यक्त किया और बताया कि ऐसे अभ्यास सत्रों से शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य में सुधार के साथ समुदाय में सकारात्मक संदेश फैलता है।

