विश्व पर्यावरण दिवस पर डब्ल्यूसीएसएफ फाउंडेशन का हरित अभियान, झारखंड में लगाए गए 300 पौधे

चतरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डब्ल्यूसीएसएफ चैरिटीस्पिरिट फाउंडेशन द्वारा झारखंड के विभिन्न जिलों में व्यापक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड के बकचोमा गांव में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्था की निदेशक उमा देवी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पंचायत महिला मित्रों, ग्राम सखियों, ग्रामीण महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण और देखभाल के महत्व की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की निदेशक उमा देवी ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और वनों की कटाई जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फाउंडेशन द्वारा चतरा, खूंटी, सिमडेगा सहित झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसके तहत कुल 300 पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल प्राणवायु प्रदान करते हैं, बल्कि वर्षा चक्र को संतुलित रखने, मिट्टी के कटाव को रोकने, भूजल स्तर बनाए रखने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उमा देवी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके। उन्होंने कहा कि संस्था वृक्षारोपण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, मासिक धर्म स्वच्छता, कौशल विकास, शिक्षा, स्वरोजगार एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने का संकल्प दोहराया। ग्रामीणों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।

You may have missed