विधायकों के विशेषाधिकार का दायरा बढ़ाने की मांग, मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने स्पीकर को लिखा पत्र
झारखंड के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधायकों के विशेषाधिकार का दायरा बढ़ाने की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो को पत्र लिखा है। किशोर ने विधानसभा की कार्य संचालन नियमावली में आवश्यक संशोधन का सुझाव दिया है।
मंत्री के अनुसार, सरकारी अधिकारियों द्वारा विधायकों के साथ अशिष्ट व्यवहार करना, उनके पत्रों का समय पर जवाब नहीं देना या जनहित से जुड़े मामलों को जानबूझकर नजरअंदाज करना विशेषाधिकार हनन के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक अपने क्षेत्रों की समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं, इसलिए उनके पत्रों और सुझावों पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।
किशोर ने यह भी कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था एकतरफा नहीं होनी चाहिए। यदि कोई विधायक किसी अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान होना चाहिए। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय और जवाबदेही से जोड़ते हुए नियमों में बदलाव का सुझाव दिया है।

