गिरिडीह में दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 8-10 युवकों पर हमला का आरोप; छापेमारी तेज

गिरिडीह में दारोगा के बेटे की पीटपीट कर हत्या

मैगी पॉइंट के पास युवक की पीट-पीटकर हत्या, 8-10 युवकों पर हमला करने का आरोप; पुलिस की छापेमारी तेज

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी स्थित चर्चित मैगी पॉइंट के पास गुरुवार की देर रात एक 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर (बभनटोली) निवासी ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

बताया गया कि ऋतिक यादव अपने दो दोस्तों शुभम दास और राजा गुप्ता के साथ कार से रात करीब 10:30 बजे गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर स्थित बंदरकुप्पी के मैगी पॉइंट पहुंचा था। इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव अपने करीब 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि युवकों ने अचानक ऋतिक और उसके साथियों पर हमला कर दिया

मृतक के साथी शुभम दास के अनुसार, आरोपियों ने पहले ऋतिक और उसके साथियों के साथ मारपीट की। इसके बाद बांस की फराठी से ऋतिक को बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल ऋतिक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में दो अन्य युवकों के घायल होने की भी बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और परिचित सदर अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि ऋतिक यादव के पिता झारखंड पुलिस में अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में हजारीबाग जेल में पदस्थापित हैं। ऋतिक का जुड़ाव छात्र मोर्चा से भी बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर झामुमो नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल भेजने के बाद आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस द्वारा कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

वहीं, सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ऋतिक यादव की हत्या हुई है और मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।