विधायक रामचन्द्र सिंह ने सेहदरा दुर्गा पूजा पंडाल में की पूजा-अर्चना, समिति को दिया सहयोग
लातेहार।* शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मनिका विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं झारखंड विधानसभा सभापति आदरणीय श्री रामचन्द्र सिंह अपने समर्थकों के साथ मंगलवार को मनिका प्रखंड अंतर्गत पंचायत कला राँकी के ग्राम सेहदरा स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे।
पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने विधायक का पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत किया। उन्हें चुनरी (अंगवस्त्र) ओढ़ाकर तथा माला पहनाकर गर्मजोशी से सम्मानित किया गया। इस दौरान पंडाल में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ जुटी हुई थी।
विधायक श्री रामचन्द्र सिंह ने मां दुर्गा के चरणों में माथा टेककर विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। पूजा समिति के अध्यक्ष व सदस्यों को सहयोग राशि प्रदान करते हुए उन्होंने उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द को मजबूत करने का संदेश देते हैं। उन्होंने पूजा समिति से अपील की कि आयोजन को और भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव, मीडिया प्रभारी अमित कुमार, इंद्रदेव, दीपक कुमार, पिंटू मामा, अरुण प्रसाद, वकील साहब सहित पूजा समिति के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

