तुलसीदामर माइंस बंद, हजारों मजदूरों के सामने रोज़गार का संकट, CM से गुहार

“तुलसीदामर माइंस बंद होने से हजारों परिवार भूखमरी के कगार पर”

विजया लक्ष्मी देवी ने CM से की माइंस पुनः चालू करने की मार्मिक अपील

गढ़वा:– नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सह अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी संगम की प्रदेश अध्यक्ष विजया लक्ष्मी देवी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गढ़वा जिले के भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित तुलसीदामर माइंस को अविलंब पुनः चालू कराने की मांग की है।

श्रीमती देवी ने कहा कि लीज समाप्त होने के कारण पिछले कई वर्षों से यह माइंस बंद पड़ी है। जिसके कारण हजारों की संख्या में मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। आज वे अपने बाल-बच्चों के भरण-पोषण के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। कई परिवार भूखमरी और पलायन के कगार पर पहुंच गए हैं।

उन्होंने कहा, “इस मुद्दे को लेकर कई बार समाचार पत्रों में खबरें छपीं, संगठनों द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किए गए। मजदूरों को लगा था कि सरकार ध्यान देगी और माइंस खुलेगी, लेकिन आज तक उनकी आस टकटकी लगी रह गई।”

विजया लक्ष्मी देवी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे अपने विशेष हस्तक्षेप से तुलसीदामर माइंस की लीज/परमिट की प्रक्रिया को प्राथमिकता पर निपटाकर अपनी उपस्थिति में माइंस को पुनः चालू कराएं।

उन्होंने कहा कि माइंस के चालू होने से न केवल हजारों परिवारों को रोजगार मिलेगा, बल्कि पलायन रुकेगा और राज्य सरकार को राजस्व की प्राप्ति भी होगी। यह पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास से जुड़ा मामला है।

इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री के अलावा खान मंत्री, स्थानीय विधायक और उपायुक्त को भी ज्ञापन प्रेषित किया है।