तिसरी में कांवरियों से भरी वाहन पलटी, चालक समेत 9 घायल; सभी अस्पताल रेफर

तिसरी में कांवरियों से भरी वाहन पलटी, चालक समेत 9 घायल; सभी अस्पताल रेफर

गिरिडीह। देवघर के बाबाधाम में जलाभिषेक कर बिहार लौट रहे कांवरियों से भरी एक वाहन मंगलवार सुबह तिसरी थाना क्षेत्र के मचनियाटांड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया के नीचे पलट गई। हादसे में चालक समेत नौ कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वाहन से निकालकर पुलिस वैन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तिसरी पहुंचाया। वहां डॉ. जैनेन्द्र और स्वास्थ्यकर्मी चंदन ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाद में एंबुलेंस से उन्हें आगे के इलाज के लिए भेजा गया।

घायल सभी कांवरिया बिहार के नवादा और राजगीर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों में मंटू कुमार, प्रतिमा देवी, मीरा देवी, चुन्नू कुमार, लालती देवी, सुमन राज, चिंता देवी, पियूष कुमार और 18 वर्षीय गौतम कुमार शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा परिजनों को सूचना देने के साथ आगे के इलाज के लिए समन्वय किया जा रहा है।