तिरंगे की शान में गूंजा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, भैया-बहनों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन
तिरंगे की शान में गूंजा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, भैया-बहनों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गिरिडीह। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा, गिरिडीह में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। पूरा विद्यालय परिसर तिरंगे के रंग और देशभक्ति गीतों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेनापति एवं घोष दल के साथ मुख्य अतिथियों के स्वागत से हुआ। इसके बाद सामूहिक वंदे मातरम्, भारत माता पूजन एवं आरती ने पूरे परिसर को राष्ट्रभक्ति के भाव से भर दिया। प्रधानाचार्य आनंद कमल ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद राष्ट्रगान और भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंज उठा।
प्रधानाचार्य आनंद कमल ने मुख्य अतिथियों का परिचय कराया। समारोह में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की सचिव शालिनी खेवाला, समिति के सदस्यगण, गांडेय के पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार तथा विद्यालय के पूर्व छात्र एवं प्रसिद्ध समाजसेवी अजय बगेड़िया की गरिमामय उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान भैया-बहनों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। वाटिका नृत्य, समूह गान, शिशु वाटिका का समूह नृत्य, झंडा गीत-कजरी, नागपुरी नृत्य ‘हमर भारत महान’, भोजपुरी गीत ‘हमार देशवा’ तथा सामूहिक नृत्य ‘हम सब एक हैं’ ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
वहीं हिन्दी, संस्कृत और अंग्रेजी में दिए गए भाषणों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति अपने कर्तव्यों पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने की। अपने अध्यक्षीय आशीर्वचन में उन्होंने आचार्य-दीदी एवं भैया-बहनों को देशसेवा, अनुशासन और संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के प्रमुख अजित मिश्र ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, आचार्य-दीदी एवं भैया-बहनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में कल्याण मंत्रोच्चारण और प्रसाद वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।

