तीन साल से कांवरियों की सेवा में जुटा ‘निःशुल्क सेवा शिविर’, धूप-थकान के बीच श्रद्धालुओं को मिल रही राहत

तीन साल से कांवरियों की सेवा में जुटा ‘निःशुल्क सेवा शिविर’, धूप-थकान के बीच श्रद्धालुओं को मिल रही राहत

सावन के पावन महीने में कांवरियों की सेवा को लेकर गिरिडीह में स्वयंसेवियों की ओर से निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर लगाया गया है। पिछले तीन वर्षों से लगातार यह शिविर कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित है।
शिविर में कांवरियों के लिए शरबत, नींबू पानी, गर्म जल से सेंक, दवा, रात्रि में विश्राम सहित अन्य जरूरी सेवाओं की व्यवस्था की गई है। लंबी दूरी तय कर पैदल यात्रा कर रहे कांवरियों के लिए यह शिविर राहत का बड़ा केंद्र बना हुआ है।
सेवा कार्य में दीपक साह, धर्मेंद्र शर्मा, मुकेश साहू, अमित नारायण और नगीना बरनवाल सहित अन्य स्वयंसेवी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की थकान दूर करने से लेकर उनकी जरूरत की चीजें उपलब्ध कराने तक सेवाभाव के साथ कार्य किया जा रहा है।
बताया गया कि सेवा शिविर मंदिर से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे यात्रा के दौरान कांवरियों को रुककर आराम करने और आवश्यक सुविधाएं प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
तीन वर्षों से जारी इस सेवा अभियान ने यह संदेश दिया है कि आस्था के साथ सेवा का भाव जुड़ जाए तो तीर्थयात्रा और भी सुगम बन जाती है। कांवरिया श्रद्धालु भी शिविर में मिल रही सुविधाओं के लिए आयोजकों और स्वयंसेवियों का आभार जता रहे हैं।