स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत खंडोली डैम में चला विशेष स्वच्छता अभियान…

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत खंडोली डैम में चला विशेष स्वच्छता अभियान…

बेंगाबाद :- “स्वच्छता ही सेवा” अभियान 2026 के तहत गिरिडीह जिले के प्रमुख पर्यटक स्थल खंडोली डैम के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यटक स्थल की स्वच्छता एवं सुंदरता को बनाए रखने के साथ-साथ स्थानीय लोगों, पर्यटकों एवं आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है। अभियान के दौरान जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), श्री रितेश साव एवं श्री वीरेंद्र कुमार मंडल ने बताया कि “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्रामों में निरंतर स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल खंडोली डैम के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया, ताकि पर्यटक स्थल को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित हो। उन्होंने कहा कि खंडोली डैम जिले का महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है। यहां आने वाले पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में इसकी पहचान को और मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है। स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इसे स्थायी रूप से प्रभावी बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर यूनिसेफ सहयोगी संस्था आईडीएफ के श्री निर्भय कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का आयोजन किया जाता है। अभियान का प्रमुख उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना, स्वच्छ व्यवहार को प्रोत्साहित करना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है। सफाई अभियान के दौरान खंडोली डैम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। साथ ही लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा पर्यटन स्थलों की स्वच्छता एवं गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), क्षेत्रीय परामर्शी, यूनिसेफ सहयोगी संस्था (आईडीएफ), कर्णपुरा पंचायत के मुखिया एवं बेंगाबाद प्रखंड की विभिन्न जलसहियाओं सहित संबंधित कर्मियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई कि जिले के पर्यटन स्थलों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा “स्वच्छता ही सेवा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।