स्व. डॉ. यू. सहाय की स्मृति में 31 अगस्त को लगेगा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, मरीजों की होगी मुफ्त जांच और इलाज

स्व. डॉ. यू. सहाय की स्मृति में 31 अगस्त को लगेगा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर

डॉ. प्रदीप सहाय करेंगे मरीजों का नि:शुल्क इलाज व जांच, जरूरतमंदों को यथासंभव दी जाएंगी दवाएं

गिरिडीह : स्वर्गीय डॉ. यू. सहाय की स्मृति में आगामी 31 अगस्त को गिरिडीह स्थित डॉ. प्रदीप सहाय के क्लीनिक में वार्षिक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। डॉ. प्रदीप सहाय प्रत्येक वर्ष अपने पिता की स्मृति में इस जनसेवा के कार्य को जारी रखते आ रहे हैं।

शिविर में मरीजों का नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार किया जाएगा। चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार एक्स-रे, ईसीजी, पैथोलॉजी, HbA1C, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल, बीएमडी (Bone Mineral Density) और स्पाइरोमेट्री जैसी विभिन्न जांच भी नि:शुल्क कराई जाएगी।

शिविर में आने वाले मरीजों को यथासंभव आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा मरीजों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था रहेगी। शिविर में परामर्श एवं जांच के बाद मरीजों को एक सप्ताह के पश्चात पुनः चिकित्सकीय जांच के लिए देखा जाएगा।

डॉ. प्रदीप सहाय ने बताया कि यह शिविर उनके पिता स्व. डॉ. यू. सहाय, माता स्व. प्रेमकुमारी सहाय, ससुर स्व. जे.पी. विरनवे एवं सास स्व. श्यामा देवी की स्मृति एवं सम्मान में आयोजित किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जरूरतमंद मरीजों को शिविर में भेजकर इस नि:शुल्क चिकित्सा सेवा का लाभ दिलाएं।